उत्तराखंड आयुर्वेद यूनिवर्सिटी में फिर हंगामा, दोबारा पानी की टंकी पर चढ़े छात्र; पुलिस बल तैनात

डोईवाला: उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय देहरादून के हर्रावाला परिसर में एक बार फिर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। परीक्षा समय पर नहीं कराने और लंबित परीक्षाओं के रिजल्ट जारी नहीं होने से नाराज छात्रों ने बुधवार रात से विश्वविद्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुरुवार सुबह चार छात्र पानी की टंकी पर चढ़ गए। इनमें दो छात्राएं और दो छात्र शामिल हैं।
छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, वे पानी की टंकी से नीचे नहीं उतरेंगे। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय में समय पर परीक्षाएं आयोजित नहीं की जा रही हैं और जिन परीक्षाओं का आयोजन हो चुका है, उनके परिणाम भी कई महीनों से लंबित हैं। इससे उनका शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है और भविष्य को लेकर छात्र चिंतित हैं।
करीब दस दिन पहले भी छात्रों ने इन्हीं मांगों को लेकर विश्वविद्यालय में विरोध प्रदर्शन किया था। उस दौरान कुछ छात्र पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। काफी हंगामे के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन और प्रशासन के समझाने पर छात्र नीचे उतरे थे। छात्रों के मुताबिक, उस समय वाइस चांसलर की ओर से 10 दिन के भीतर समस्याओं के समाधान का लिखित आश्वासन दिया गया था, जिसके बाद रात करीब एक बजे छात्रों को टंकी से नीचे उतारा गया था।
छात्रों का कहना है कि 10 दिन बीत जाने के बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर उन्होंने दोबारा आंदोलन शुरू कर दिया। बुधवार रात से ही सैकड़ों BAMS छात्र विश्वविद्यालय परिसर में धरने पर बैठे हैं और गुरुवार सुबह चार छात्रों के टंकी पर चढ़ने के बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
हंगामे की सूचना मिलते ही डोईवाला कोतवाली पुलिस भारी पुलिस बल के साथ विश्वविद्यालय परिसर पहुंची। पुलिस टंकी पर चढ़े छात्रों को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाने का प्रयास कर रही है। परिसर में पुलिस बल तैनात है और फिलहाल माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
छात्रों ने बताया कि परीक्षा और रिजल्ट से जुड़ी समस्याओं को लेकर वे कई बार लिखित शिकायत कर चुके हैं। उनका कहना है कि परीक्षाओं में देरी और रिजल्ट लंबित रहने से उनका पूरा शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है।
वहीं, आंदोलन को अब राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। छात्रों के समर्थन में कांग्रेस और भारतीय किसान यूनियन के लोग भी मौके पर पहुंचे। कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल ने विश्वविद्यालय प्रबंधन और सरकार के अधिकारियों पर छात्रों को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वह छात्रों के हित में देर रात मुख्यमंत्री आवास भी गए थे।
फिलहाल छात्र अपनी मांगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन पर डटे हुए हैं और विश्वविद्यालय परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।



