उत्तराखंड

पुरानी पेंशन बहाली को लेकर चमोली के कर्मचारी-शिक्षक करेंगे सीएम आवास कूच, 13 सितंबर को देहरादून में जुटेंगे

चमोली: राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा (NMOPS) की चमोली जिला कार्यकारिणी की बैठक गौचर में आयोजित हुई। बैठक में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर आगामी 13 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई। संगठन ने इस कार्यक्रम में चमोली जिले से बड़ी संख्या में कर्मचारी और शिक्षकों की भागीदारी का लक्ष्य तय किया है।

एनएमओपीएस के जिलाध्यक्ष मोहन सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के सभी विकासखंडों से करीब एक हजार कर्मचारी-शिक्षक मुख्यमंत्री आवास कूच में शामिल होंगे। इसके लिए प्रत्येक विकासखंड को करीब 100 कर्मचारी-शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया गया है।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के भविष्य, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा विषय है। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिगम्बर सिंह नेगी ने कहा कि पुरानी पेंशन केवल कर्मचारियों का अधिकार नहीं, बल्कि उनके सम्मानजनक और सुरक्षित भविष्य की गारंटी है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से एकजुट होकर आंदोलन में भाग लेने की अपील की।

एनएमओपीएस जिलाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी कर्मचारी एकजुट होकर आंदोलन को निर्णायक रूप दें। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली कर्मचारियों के भविष्य और सामाजिक सुरक्षा का सवाल है और इस मांग को लेकर व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

जिला मंत्री सुरेंद्र भगत ने कहा कि यह संघर्ष किसी एक विभाग या कर्मचारी का नहीं, बल्कि प्रदेश के सभी कर्मचारियों का साझा आंदोलन है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकासखंड से व्यापक भागीदारी से आंदोलन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।

बैठक में संगठन की आगामी रणनीति, जनसंपर्क अभियान और सभी विकासखंडों से अधिक से अधिक कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर भी चर्चा की गई। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार की ओर से उनकी मांग पर गंभीरता से विचार नहीं किए जाने के कारण अब आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

बैठक में महिपाल सिंह चौहान, दिनेश बधानी, नरेंद्र कुंवर, राजेंद्र चंद्र कंसवाल, भोला दत्त सिरस्वाल, गजेंद्र बिष्ट, शिव दर्शन सिंह नेगी, पानू चौहान, अल्का शाह, सुनील राज, संजय बिष्ट, लक्ष्मी कंडारी समेत कई कर्मचारी-शिक्षक नेता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button