कुंभ की तैयारी में अतिक्रमण चिह्नित करने पहुंची लोनिवि टीम से मारपीट, जूते-ईंट और पत्थरों से किया हमला

हरिद्वार: कनखल क्षेत्र में कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत सड़क पर अतिक्रमण चिह्नित करने पहुंची लोक निर्माण विभाग की टीम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्थानीय लोगों ने सरकारी टीम पर ईंट-पत्थरों और जूतों से हमला किया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। मामले में लोनिवि के अपर सहायक अभियंता की तहरीर पर कनखल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
लोनिवि के अपर सहायक अभियंता डॉ. चंद्र लाल भारती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 अगस्त को उच्चाधिकारियों के निर्देश पर टीम एनएच-58 पर आईरिस सेतु से बैरागी कैंप विश्व कल्याण मोटर मार्ग तक अतिक्रमण का चिह्निकरण करने पहुंची थी। टीम में खंड अमीन मैनपाल सिंह, सपना रतूड़ी, चालक वीरेंद्र और विभागीय मेट अमरनाथ शामिल थे।
आरोप है कि टीम कार्रवाई कर रही थी, तभी इंद्रा क्षेत्र के संजीव, रंजीत, राकेश पुत्र ओमपाल समेत कई महिला और पुरुष मौके पर पहुंच गए और टीम के साथ विवाद करने लगे। शिकायत के अनुसार, डॉ. चंद्र लाल के साथ मारपीट की गई। उन पर ईंट, पत्थर और जूतों से हमला करने का आरोप है। सरकारी डायरी, पत्रावली और मोबाइल छीनने का प्रयास किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
घटना के बाद कनखल पुलिस ने लोनिवि अधिकारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत के अनुसार, मामले में कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
वहीं, मारपीट के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लोनिवि कर्मचारियों में नाराजगी है। मंगलवार को विभागीय कर्मचारियों ने कार्यालय में धरना-प्रदर्शन कर कार्य बहिष्कार किया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ और मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संघ ने भी कर्मचारियों के आंदोलन को समर्थन दिया।
कर्मचारियों का कहना है कि सरकारी कार्य के दौरान अभियंताओं और कर्मचारियों के साथ अभद्रता और मारपीट की घटना गंभीर है। खंड अध्यक्ष प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि सरकारी कार्य के दौरान कर्मचारियों के साथ मारपीट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं सचिव जयेंद्र बरवाण ने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर कार्य बहिष्कार किया गया है।
दूसरी ओर, कनखल की इंद्रा बस्ती के स्थानीय लोगों के समर्थन में बजरंग दल के कार्यकर्ता भी थाने पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की और हिरासत में लिए गए आरोपियों को छोड़ने की मांग रखी।
लोनिवि की ओर से पुलिस को घटना का वीडियो भी उपलब्ध कराया गया है। शिकायत के अनुसार, खंड अमीन सपना रतूड़ी ने मौके पर मारपीट का वीडियो बनाया था, जिसमें आरोपियों द्वारा ईंट, पत्थर और जूतों से हमला करते हुए दिखाई देने की बात कही गई है। पुलिस अब वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।



