उत्तराखंड

काशीपुर में 19 वर्षीय युवती के ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, लिफ्ट देने के बाद हत्या का आरोप; दो गिरफ्तार

रुद्रपुर: ऊधम सिंह नगर पुलिस ने काशीपुर में 20 अगस्त को हुई 19 वर्षीय युवती की हत्या का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में डंपर चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार युवती ने डंपर से लिफ्ट ली थी। इसके बाद उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर लोहे के हुक से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि 20 अगस्त को काशीपुर के धनौती पट्टी इलाके में रामनगर रोड के किनारे 19 वर्षीय युवती का शव मिला था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमों को जांच में लगाया गया। पिछले 72 घंटे में पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े संभावित रास्तों के करीब 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाले।

जांच के दौरान पुलिस को चैती मेला रोड से चीमा चौराहा, रामनगर रोड, केलामोड़ होते हुए ओंकार स्टोन क्रेशर की ओर जाने वाला एक डंपर संदिग्ध लगा। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने डंपर संख्या UK15CA-1437 को चिन्हित किया।

पुलिस के मुताबिक, वाहन स्वामी से पूछताछ में पता चला कि घटना के समय डंपर राजू पुत्र ललित निवासी कचनालगुसाई चला रहा था और उसके साथ सुमित पुत्र राजू निवासी धनौरी पट्टी लक्ष्मीपुर मौजूद था। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उनकी कथित संलिप्तता सामने आई।

पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त की सुबह करीब 4:35 बजे युवती ने चैती रोड से चीमा चौराहा जाने के लिए रैपिडो बुक की थी, लेकिन कुछ देर बाद बुकिंग कैंसिल हो गई। इसके बाद उसने चैती मैदान के पास डंपर को रुकवाकर लिफ्ट मांगी। कुछ दूर जाने के बाद राजू ने सुमित को डंपर चलाने के लिए कहा और खुद युवती के पास बैठ गया।

पुलिस का आरोप है कि एकांत स्थान पर राजू ने युवती के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। युवती ने विरोध किया और पुलिस से शिकायत करने की बात कही। इसी दौरान दोनों के बीच झड़प हुई। आरोप है कि राजू ने डंपर में रखे लोहे के हुक से युवती के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और क्रेशर की ओर चले गए। पुलिस के मुताबिक मृतका का मोबाइल डंपर में छूट गया था। आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए मोबाइल को सड़क पर रख दिया, लेकिन सीसीटीवी फुटेज, सीडीआर और मोबाइल लोकेशन के विश्लेषण से पुलिस उन तक पहुंच गई।

पुलिस ने 23 अगस्त को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर डंपर कब्जे में ले लिया। आरोपियों की निशानदेही पर डंपर से लोहे का हुक और मृतका का बैग बरामद किया गया। बैग से आधार कार्ड, बैंक पासबुक और आयुष्मान कार्ड मिले। घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी पुलिस ने बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 39 वर्षीय राजू और 19 वर्षीय सुमित के रूप में हुई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून की पकड़ से बच नहीं सकता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button