उत्तराखंड

प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या, सड़क हादसा दिखाने की कोशिश; 48 घंटे में खुला राज

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। जिस घटना को शुरुआत में सड़क हादसा माना जा रहा था, वह हत्या निकली। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी ने कथित तौर पर प्रेम प्रसंग के चलते दो किशोरों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी।

पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त को प्रतापपुर क्षेत्र में सड़क किनारे धान के खेत में एक शिफ्ट डिजायर कार संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी मिली थी। कार के अंदर खून से लथपथ युवक का शव पड़ा था। मृतक की पहचान ग्राम बाजावाला, डकिया नंबर-1, कुंडेश्वरी निवासी संजीव कुमार के रूप में हुई।

शुरुआत में मामला सड़क दुर्घटना का माना गया, लेकिन पोस्टमार्टम के दौरान शव में गोली लगने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने हादसे की आशंका को खारिज कर हत्या के एंगल से जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मृतक की पत्नी निशा से पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान पुलिस को निशा के बयानों में विरोधाभास मिला। इसके बाद मृतक की दुकान पर काम करने वाले दो किशोरों से भी पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों किशोरों ने कथित तौर पर घटना में अपनी भूमिका और मृतक की पत्नी की संलिप्तता के बारे में जानकारी दी।

पुलिस जांच में सामने आया कि संजीव की ग्राम थारी, रामनगर में टेंट की दुकान थी और दोनों किशोर वहां काम करते थे। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी निशा का दोनों में से एक किशोर के साथ प्रेम प्रसंग था। इसी के चलते पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।

पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त को सभी लोग जन्मदिन की पार्टी के लिए कार से निकले थे। संजीव कुमार कार चला रहा था, जबकि दोनों किशोर पीछे बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान पीछे बैठे किशोर ने संजीव को सटाकर गोली मार दी। इसके बाद कार को सुनसान स्थान पर सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया और आरोपी वहां से फरार हो गए। घटना को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की गई।

पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी निशा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दोनों किशोरों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल तमंचा, खोखे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

एसएसपी अजय गणपति के अनुसार, मामले का 48 घंटे में खुलासा कर लिया गया है। पुलिस अब हत्या की साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं और किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button