खराब मौसम ने थामी देहरादून एयरपोर्ट की रफ्तार, पांच उड़ानें हुई डायवर्ट

देहरादून। खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण देहरादून एयरपोर्ट पर बुधवार को हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। सुबह से शाम तक कई उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा। विभिन्न शहरों से देहरादून आ रही पांच उड़ानों को चंडीगढ़, अमृतसर और दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। उड़ानों के डायवर्ट होने के साथ ही यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
सुबह के समय एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी घटकर करीब 800 मीटर रह गई थी। इसके चलते देहरादून पहुंचने वाली कई उड़ानें एयरपोर्ट के आसपास आसमान में चक्कर लगाती रहीं। मौसम की स्थिति में सुधार नहीं होने पर इन्हें दूसरे एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया।
सुबह 9:50 बजे दिल्ली से देहरादून आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया। वहीं 9:55 बजे मुंबई से आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को अमृतसर भेजना पड़ा। इसके बाद 10:20 बजे दिल्ली से देहरादून आने वाली एयर इंडिया की उड़ान को वापस दिल्ली के लिए डायवर्ट किया गया।
इसी तरह 11 बजे मुंबई से देहरादून आने वाली इंडिगो की उड़ान को चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया, जबकि 12:50 बजे हैदराबाद से देहरादून आने वाली फ्लाइट को भी चंडीगढ़ भेजना पड़ा।
मौसम में सुधार होने के बाद इनमें से कुछ उड़ानें डायवर्ट किए गए एयरपोर्ट से कई घंटे की देरी के बाद देहरादून पहुंचीं। वहीं, विमानों के देरी से पहुंचने का असर उनकी वापसी वाली उड़ानों पर भी पड़ा।
उड़ानों के डायवर्ट और देरी से यात्रियों को एयरपोर्ट पर काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों को घंटों तक अपनी उड़ान के संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार करना पड़ा।



