उत्तराखंड

टीएचडीसी टनल हादसा: सीएम धामी ने घटनास्थल पर पहुंचकर लिया रेस्क्यू अभियान का जायजा, 3 मजदूरों की तलाश जारी

चमोली: पीपलकोटी के मायापुर स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को घटनास्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने टनल के अंदर जाकर राहत एवं बचाव कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और रेस्क्यू अभियान में जुटी टीमों से अब तक की प्रगति की जानकारी ली।

टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के टीआरटी टनल की लंबाई करीब तीन किलोमीटर है। बताया गया कि टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के चलते अचानक मलबा और पानी भर गया था। हादसे के बाद टनल में 22 मजदूर फंस गए थे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सभी उपलब्ध संसाधनों तथा तकनीकी विशेषज्ञता का इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और अन्य बचाव दलों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि टनल में फंसे 22 लोगों में से अब तक 19 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। इनमें घायल मजदूरों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया है। टनल में फंसे शेष तीन लोगों की तलाश और रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की सूचना है। मुख्यमंत्री ने घायलों के उपचार और उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी के निर्देश दिए। साथ ही मृतकों और घायलों के परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा घटनास्थल पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू टीमों से कहा कि अभियान को पूरी सावधानी और गंभीरता के साथ चलाया जाए। उन्होंने टनल में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए।

इस दौरान काबीना मंत्री एवं प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री हरक सिंह, पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र भंडारी समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button