राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में कांग्रेस का लोक भवन कूच, बैरिकेडिंग तोड़ने पर कई कार्यकर्ता हिरासत में

देहरादून: देश में शिक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार देर शाम देहरादून में लोक भवन कूच किया। हालांकि पुलिस ने हाथीबड़कला क्षेत्र में बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई तथा प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहली बैरिकेडिंग को पार कर दिया और आगे बढ़ने का प्रयास किया। इसके बाद दूसरी बैरिकेडिंग के पास पहुंचकर उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस वाहनों से वहां से हटाया।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि दिल्ली में छात्रों के आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया और इस मुद्दे को उठाने पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया। इसी के विरोध में प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल के मुद्दे को संसद में उठाने का प्रयास किया गया, लेकिन विपक्ष को अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने के बावजूद हिरासत में लिया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
वहीं, यूथ कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष स्वाति नेगी ने कहा कि छात्रों के साथ कथित तौर पर हुए दुर्व्यवहार और विपक्षी नेताओं की हिरासत लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने केंद्र सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाया और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग दोहराई।
प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। देर शाम तक प्रदर्शन जारी रहा और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए रही।



