हरिद्वार में हैवानियत: दोस्त को पीटकर 16 साल की किशोरी को उठाया, रातभर गैंगरेप के बाद हत्या की थी साजिश; ऐसे बची जान

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक रूह कँपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ के पथरी थाना क्षेत्र में सात से आठ दरिंदों ने न सिर्फ एक 16 साल की नाबालिग लड़की की अस्मत लूटी, बल्कि उसे रातभर बंधक बनाकर सुबह जान से मारने की खौफनाक प्लानिंग भी कर रहे थे। लेकिन पीड़िता ने सूझबूझ दिखाई और अर्द्धनग्न हालत में ही उनकी चंगुल से भाग निकली।
दोस्त को मरणासन्न कर किशोरी को खींचा खेतों में
घटना रविवार रात की है। लक्सर क्षेत्र की रहने वाली किशोरी अपने एक दोस्त के साथ बाइक पर जा रही थी। तभी काठा और फूलगढ़ गांव के पास खेतों में घात लगाए बैठे 7-8 नशेड़ी युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने पहले तो पीड़िता के दोस्त को बेरहमी से पीटा और उसे जान बचाकर भागने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद वे किशोरी को घसीटते हुए गन्ने के खेतों में ले गए, जहाँ एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और बाकी आरोपी भी दरिंदगी की कोशिश करने लगे।
मौत के मुंह से निकलकर बचाई जान
पीड़िता के अनुसार, आरोपी नशे में धुत थे और सुबह उसे जान से मारने की बात कर रहे थे। इसी बीच मौका पाकर किशोरी बिना कपड़ों के ही खेतों के रास्ते भागी और एक घर में छिप गई, जहाँ एक महिला ने उसे कपड़े दिए। सुबह परिजनों के मिलने पर मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दबिश देना शुरू कर दिया है।



