हरिद्वार में छात्रवृत्ति घोटाले की जांच तेज, 19 शिक्षण संस्थानों पर मुकदमा दर्ज

हरिद्वार: केंद्र सरकार की अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजना में कथित वित्तीय अनियमितता और धोखाधड़ी के मामले में हरिद्वार जिले के 19 स्कूल, कॉलेज और शिक्षण संस्थानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला वर्ष 2021-22 और 2022-23 की छात्रवृत्ति से जुड़ा है। करोड़ों रुपये के संभावित घोटाले की आशंका को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी इप्सिता रावत की शिकायत पर सिडकुल थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित संस्थानों ने राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (एनएसपी) के माध्यम से अल्पसंख्यक छात्रों के नाम पर छात्रवृत्ति योजना में वित्तीय अनियमितता करते हुए सरकारी धन का गबन किया।
जानकारी के अनुसार, भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने 21 मार्च 2025 को उत्तराखंड शासन को पत्र भेजकर वर्ष 2021-22 और 2022-23 में राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर संदिग्ध पाए गए संस्थानों की विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद उत्तराखंड शासन ने 19 मई 2025 को सभी जिलाधिकारियों को जांच कर दोषी पाए जाने पर विधिक कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए।
हरिद्वार के तत्कालीन जिलाधिकारी ने 24 मई 2025 को उपजिलाधिकारियों की अध्यक्षता में जांच समितियों का गठन किया। भगवानपुर, लक्सर, हरिद्वार और रुड़की के उपजिलाधिकारियों ने जांच पूरी कर जून 2025 में अपनी रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट में कई संस्थानों में वित्तीय अनियमितता और सरकारी धन के दुरुपयोग के प्रथम दृष्टया प्रमाण मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कराने की संस्तुति की गई।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मामला करोड़ों रुपये की छात्रवृत्ति से जुड़ा हो सकता है। इसकी निष्पक्ष और गहन जांच के लिए सीओ सदर एस.पी. बलूनी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया जा रहा है। जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित व्यक्तियों और संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इन 19 शिक्षण संस्थानों पर दर्ज हुआ मुकदमा:
– गॉड ब्लेस पब्लिक स्कूल, सहदेवपुर
– एम.जी. पब्लिक स्कूल, अहमदपुर ग्रांट
– ए.एस.एन. इंटर कॉलेज, धीरवाली (ज्वालापुर)
– सैनी प्राइवेट आईटीआई, बहादराबाद
– जय भारती प्राइवेट आईटीआई, धनपुरा
– एसबीएन प्राइवेट आईटीआई, टिक्कमपुर
– आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर, मुस्तफाबाद
– विश्व भारती पब्लिक स्कूल, गाडोवाली
– मदरसा नूर-ए-हसन, हरिद्वार
– जय भारत पीएस, बिन्दुखड़क
– हन्नू आईटीआई, भगवानपुर
– रेडियंस एकेडमी, लक्सर
– रामतीर्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रहमतपुर
– रुड़की इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, पुहाना
– महर्षि दयानंद प्राइवेट आईटीआई, धनौरी
– संस्कृति पब्लिक स्कूल, भौरी
– फोनिक्स स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड बिजनेस, कांजेल इमलीखेड़ा
– एसडीपीसी गर्ल्स इंटर कॉलेज, रुड़की
– ओम इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, बढ़ेड़ी राजपूताना



