उत्तराखंड

देहरादून में ई-ऑफिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश, डीएम ने तकनीकी समस्याओं के शीघ्र समाधान पर दिया जोर

देहरादून: जनपद में ई-ऑफिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुगम और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली के क्रियान्वयन, तकनीकी समस्याओं और कार्यप्रणाली की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

बैठक में बताया गया कि जनपद के लगभग सभी शासकीय कार्यालय ई-ऑफिस प्रणाली से जुड़ चुके हैं और अधिकांश विभागों में पत्रावलियों का निस्तारण डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है। ई-ऑफिस व्यवस्था लागू होने से सरकारी कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और ऑनलाइन निगरानी को बढ़ावा मिला है।

 

समीक्षा के दौरान कुछ विभागों ने रिपोर्टिंग और ऑनलाइन कार्य निष्पादन में तकनीकी समस्याओं की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने आईटीडीए की तकनीकी टीम को निर्देश दिए कि सभी तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासकीय कार्य प्रभावित न हों।

 

डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि ई-ऑफिस शासन की महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य कार्यालयी कार्यों को त्वरित, पारदर्शी और पेपरलेस बनाना है। उन्होंने सभी विभागों को नियमित रूप से ई-ऑफिस प्रणाली का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने और लंबित पत्रावलियों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से पत्रावलियों के संचालन और निस्तारण की प्रक्रिया को गंभीरता से अपनाएं। यदि किसी स्तर पर तकनीकी समस्या आती है तो संबंधित तकनीकी टीम के साथ समन्वय स्थापित कर उसका शीघ्र समाधान कराया जाए।

 

बैठक में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पाण्डेय, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर हरेन्द्र शर्मा, आईटीडीए की तकनीकी टीम के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button