हरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कुख्यात नशा तस्कर सलमान गिरफ्तार, गैंगस्टर समेत 11 मुकदमे दर्ज

रुड़की: हरिद्वार जिले की मंगलौर कोतवाली पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात हिस्ट्रीशीटर सलमान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को PIT-NDPS (Prevention of Illicit Traffic in Narcotic Drugs and Psychotropic Substances Act) के तहत कार्रवाई के बाद गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार पीरपुरा निवासी सलमान पुत्र जहांगीर लंबे समय से नशे के कारोबार में सक्रिय था और उसके खिलाफ पहले भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ PIT-NDPS एक्ट के अंतर्गत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट उत्तराखंड शासन को भेजी गई थी।
रिपोर्ट के बाद सलमान की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी, लेकिन वह बार-बार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चंद्र सुयाल के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी मंगलौर के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक मंगलौर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। सीआईयू रुड़की के सहयोग और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, बीएनएस और अन्य गंभीर धाराओं में कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ऐसे अपराधियों के खिलाफ आगे भी कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रखेगी।



