उत्तराखंड

देहरादून में भारी बारिश के बीच दून पुलिस अलर्ट, नदी-नालों से दूर रहने की अपील

देहरादून: राजधानी देहरादून में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए दून पुलिस हाई अलर्ट पर है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त कर रही हैं और हालात पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौसम की स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। देर रात से ही पुलिस टीमें नदी-नालों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को लाउड हेलर के माध्यम से सतर्क कर रही हैं।

 

लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने लगा है। इसे देखते हुए पुलिस लोगों से नदी-नालों के पास न जाने की अपील कर रही है। साथ ही नदी किनारे रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का कार्य भी किया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।

 

दून पुलिस ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस या आपदा नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की है।

 

पुलिस का कहना है कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में टीमें लगातार भ्रमणशील हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button