उत्तराखंड में अगले तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में भूस्खलन और सड़क बंद होने की आशंका

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विज्ञान विभाग ने 4 से 6 जुलाई तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में शुक्रवार को भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
पर्वतीय जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 4 जुलाई को पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज से अति तीव्र बारिश हो सकती है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने और गरज के साथ बारिश की संभावना है। भारी बारिश के चलते भूस्खलन, चट्टान गिरने और मलबा आने की आशंका जताई गई है, जिससे सड़कें और राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो सकते हैं।
5 जुलाई को भी कई जिलों में बारिश जारी रहेगी
5 जुलाई को देहरादून, टिहरी, चमोली, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश से बागवानी और धान, मक्का, बाजरा, सेम व चना जैसी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही खराब मौसम के कारण हवाई और हेलीकॉप्टर सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।
राज्यभर में ऐसा रहा तापमान
शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 34.1 और न्यूनतम 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंतनगर में अधिकतम तापमान 36.7 और न्यूनतम 25 डिग्री रहा। मुक्तेश्वर में अधिकतम 24 और न्यूनतम 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नई टिहरी का अधिकतम तापमान 25.8 और न्यूनतम 15.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
हल्द्वानी में ऑरेंज अलर्ट के बावजूद नहीं हुई बारिश
मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बावजूद हल्द्वानी में गुरुवार को बारिश नहीं हुई। शुक्रवार को भी धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वातावरण में नमी की कमी के कारण बादल पर्याप्त बारिश नहीं कर सके। हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
नैनीताल में लौटने लगे पर्यटक
लगातार बारिश के बाद मौसम साफ होने से नैनीताल में एक बार फिर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है। वीकेंड को देखते हुए उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब से बड़ी संख्या में पर्यटक नैनीताल पहुंचे। होटल एसोसिएशन के अनुसार शुक्रवार को आठ हजार से अधिक पर्यटकों ने नैनीताल का रुख किया, जिससे पर्यटन कारोबार में फिर से रौनक लौट आई।



