उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने 4,400 से अधिक श्रमिकों को दी बड़ी सौगात, DBT के जरिए बांटे 11 करोड़ रुपये

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 4,400 से अधिक श्रमिक लाभार्थियों के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से लगभग 11 करोड़ रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित की।

मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विवाह उपरांत सहायता, मृत्यु उपरांत अनुदान, प्रसूति सुविधा और शिक्षा सहायता योजना के लाभार्थियों को वन क्लिक के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि श्रमिक कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर श्रमिकों का पंजीकरण और योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिकों के कार्यस्थलों के निकट आवश्यक सामग्री वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे उन्हें सुविधाजनक तरीके से लाभ मिल सके। साथ ही श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण, उनके आश्रित बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने और जीवनोपयोगी सामग्री वितरण के लिए विशेष शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों को सभी योजनाओं के संचालन में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने और सूचना प्रौद्योगिकी का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि योजनाओं का लाभ केवल पात्र श्रमिकों तक ही पहुंचे।

कार्यक्रम में दी गई जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड ने पिछले एक वर्ष में 24,323 श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 93 करोड़ 6 लाख रुपये की अनुदान राशि वितरित की है।

इस मौके पर राज्य सलाहकार संविदा बोर्ड कैलाश पंत, राज्य सतर्कता समिति की अध्यक्ष गीता रावत, उपाध्यक्ष मोहिनी पोखरिया, अपर सचिव विनीत कुमार, उप श्रम आयुक्त विपिन कुमार, सहायक श्रम आयुक्त शैलेश सती, वरिष्ठ तकनीकी विशेषज्ञ दुर्गा चमोली सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रम आयुक्त प्रकाश चंद्र दुम्का ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button