उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी की संभावना

देहरादून: उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज बारिश के दौर पड़ सकते हैं। इसके अलावा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना जताई गई है।
बीते दिनों मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया था। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जैसे पर्वतीय जिलों में भी गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। साथ ही अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है। विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी राज्य के कई हिस्सों में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है।



