देहरादून में दिव्यांग युवक से मारपीट, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल; आरोपियों की तलाश में पुलिस

देहरादून: राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में एक दिव्यांग युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित युवक ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, घटना 9 जून 2026 की रात करीब 10:15 बजे की है। बताया जा रहा है कि हरियाणा नंबर की दो कारों में सवार करीब आठ युवक रायपुर क्षेत्र के ऋषि नगर स्थित एक वाइन शॉप के पास पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनकी एक स्थानीय दिव्यांग युवक से कहासुनी हो गई।
आरोप है कि कहासुनी के बाद युवकों ने दिव्यांग युवक को सड़क पर गिराकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में भी कुछ लोग युवक को सड़क किनारे लेटाकर लात-घूंसों से मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। मारपीट में युवक को कई चोटें आई हैं।
पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि हमलावर शराब के नशे में थे। मारपीट के बाद सभी आरोपी कारों में बैठकर सहस्त्रधारा की ओर फरार हो गए। युवक ने पुलिस को घटना का वीडियो और मेडिकल रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई है।
मामले में थाना रायपुर प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। प्रारंभिक जांच में हमलावरों की पहचान कर ली गई है। वाहन हरियाणा नंबर के हैं, लेकिन प्रथम दृष्टया जानकारी के अनुसार उनमें सवार सभी लोग देहरादून के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही सभी को हिरासत में लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।



