चारधाम यात्रा के बीच बड़ा हादसा: बदरीनाथ हाईवे पर टेंपो ट्रैवलर पलटा, महिला श्रद्धालु की मौत; 17 घायल

चमोली। उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा के बीच शुक्रवार तड़के बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जोशीमठ के निकट पैनी क्षेत्र में गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर में चालक समेत कुल 18 लोग सवार थे। वाहन बदरीनाथ धाम की ओर जा रहा था, तभी जोशीमठ के पास पैनी क्षेत्र में अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
दुर्घटना में गाजियाबाद निवासी महिला श्रद्धालु आरती की मौत हो गई। वहीं अन्य 17 यात्री घायल हुए हैं। घायलों की हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग किया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
ज्योर्तिमठ कोतवाल देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि वाहन में सवार 18 यात्रियों में से एक महिला की मौत हुई है, जबकि 17 अन्य घायल हैं और उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।



