उत्तराखंड

तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार दो किशोरों को मारी टक्कर, एक की मौत; चालक फरार

लक्सर। हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुल्तानपुर-इस्माइलपुर मार्ग पर उस समय हुआ जब तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार दो किशोरों को पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

 

जानकारी के अनुसार पतंजलि से कर्मचारियों को घर छोड़ने जा रही एक बस ने सुल्तानपुर-इस्माइलपुर रोड पर स्कूटी सवार दो बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पचेवाली, सुल्तानपुर निवासी 14 वर्षीय अंशुल पुत्र समय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय आयुष (वंश) पुत्र ब्रह्मपाल गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने अंशुल को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल आयुष को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि बस चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और संभवतः नशे की हालत में था। हादसे के बाद चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

 

सुल्तानपुर चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि शाम करीब सात बजे दुर्घटना की सूचना मिली थी। एक किशोर की मौत हुई है जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button