उत्तराखंड में मौसम का येलो अलर्ट, बारिश-ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में मंगलवार को बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेशभर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
पूर्वानुमान के मुताबिक, पर्वतीय जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। विशेषकर मैदानी क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से बढ़ रही गर्मी में कमी आने की संभावना है।
विभाग के अनुसार आगामी 7 जून तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



