पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक पर लापता सॉफ्टवेयर इंजीनियर का 5 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग, नदी किनारे मिले कपड़े और कैमरा

बागेश्वर: उत्तराखंड के प्रसिद्ध पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक पर घूमने आए नोएडा निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर अभिषेक चौहान पिछले पांच दिनों से लापता हैं। लगातार चल रहे सर्च ऑपरेशन के बावजूद उनका अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। इस बीच नदी किनारे उनकी शर्ट, टोपी और कैमरा मिलने के बाद अनहोनी की आशंका और गहरा गई है।
जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय अभिषेक चौहान नोएडा के निवासी हैं और गुजरात स्थित एलएंडटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। वह 28 मई को अपने तीन दोस्तों और स्थानीय गाइड आनंद राम के साथ पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक पर निकले थे। 29 मई को वापसी के दौरान मलियाधोड़ क्षेत्र के पास अभिषेक फोटोग्राफी करने के लिए रुक गए और गाइड को आगे मैगी प्वाइंट पर इंतजार करने के लिए कहा।
काफी देर तक अभिषेक के नहीं पहुंचने पर गाइड वापस उन्हें खोजने गया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद रात में खाती गांव पहुंचकर वन विभाग और प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियों ने सर्च अभियान शुरू कर दिया।
खोज अभियान के दौरान दूसरे दिन मलियाधोड़ के पास नदी किनारे अभिषेक का कैमरा बरामद हुआ। इसके बाद हाल ही में उसी क्षेत्र में नदी के पत्थरों के बीच उनकी शर्ट और टोपी भी मिली है। बताया जा रहा है कि लापता होने के समय अभिषेक ने यही कपड़े पहन रखे थे। इससे उनके नदी के तेज बहाव में बह जाने की आशंका बढ़ गई है।
थानाध्यक्ष कपकोट प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अभिषेक नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए हों। उन्होंने बताया कि ग्लेशियर क्षेत्र में रात के समय तापमान शून्य से नीचे चला जाता है, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है।
अभिषेक की तलाश में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, वन विभाग, फायर सर्विस और स्थानीय ग्रामीण लगातार जुटे हुए हैं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और खराब मौसम के बावजूद खोज अभियान जारी है। गहरी खाइयों और जंगलों में तलाश के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
रेस्क्यू ऑपरेशन का दायरा बढ़ाते हुए एनडीआरएफ ने पौड़ी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भी सूचना भेजी है। वहां की स्थानीय पुलिस और राहत एजेंसियों को संभावित क्षेत्रों में निगरानी और तलाश करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभिषेक के परिजन भी बागेश्वर पहुंच चुके हैं और प्रशासन के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस उपाधीक्षक अजय शाह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद से लगातार अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक लापता युवक का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।
फिलहाल सभी एजेंसियां अभिषेक चौहान की तलाश में जुटी हुई हैं और मौसम की चुनौतियों के बीच सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।



