टिहरी में बड़ा सड़क हादसा: 200 मीटर गहरी खाई में गिरकर गंगा में समाई इनोवा, सर्च ऑपरेशन जारी

टिहरी: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। थाना देवप्रयाग क्षेत्र के चकासा स्थित गंगा होटल दर्शन के समीप एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी और इसके बाद सीधे गंगा नदी में समा गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इनोवा वाहन संख्या UK 08 TA 5433 देवप्रयाग क्षेत्र के चकासा के पास अचानक अनियंत्रित हो गया। वाहन सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर को तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरा और तेज बहाव वाली गंगा नदी में समा गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन को रोकने में क्रैश बैरियर भी नाकाम साबित हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग पुलिस टीम और संबंधित क्षेत्र के राजस्व अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ की श्रीनगर, ब्यासी और ढालवाला इकाइयों से तीन अलग-अलग टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमें गंगा नदी में वाहन और उसमें सवार लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं। नदी का तेज बहाव और दुर्घटना स्थल की गहराई रेस्क्यू अभियान को चुनौतीपूर्ण बना रही है।
फिलहाल वाहन में कितने लोग सवार थे और उनकी स्थिति क्या है, इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से घटनास्थल पर भीड़ न लगाने और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करने की अपील की है।
रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है और प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।



