हरिद्वार में कांवड़िए को मारी गोली, गंगाजल लेकर लौट रहे युवक की हालत गंभीर

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गंगाजल लेकर ग्रेटर नोएडा लौट रहे एक कांवड़िए को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में हालत नाजुक होने पर उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस ने आरोपियों की तलाश में रातभर अभियान चलाया।
घटना कनखल थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास हाईवे किनारे हुई। घायल युवक की पहचान अजय निवासी ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल नोएडा लौट रहा था। रात अधिक होने के कारण कांवड़ियों का दल हाईवे किनारे रात्रि विश्राम के लिए रुक गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे के ऊपर बने पुल पर कुछ युवक शराब पी रहे थे और शोर-शराबा कर रहे थे। कांवड़ियों ने उन्हें शांति बनाए रखने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि कुछ देर बाद उक्त युवक नीचे आए और कांवड़ियों के समूह के पास पहुंच गए।
कांवड़ियों का आरोप है कि हमलावरों ने बिना किसी चेतावनी के अजय पर हमला कर दिया। एक युवक ने अजय के सीने से सटाकर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन गोली उसके कंधे में लगी। गोली लगते ही अजय गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। फिलहाल उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी, कनखल थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कांवड़ियों से पूरी जानकारी ली। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक बुलेट मोटरसाइकिल भी मिली है, जिसे आरोपी मौके पर छोड़कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पांच से छह हमलावर अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर घटनास्थल से भाग निकले।
जानकारी के मुताबिक, घायल अजय जिस दल के साथ यात्रा कर रहा था, वह गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ लेकर हरिद्वार से नोएडा जा रहा था। इस दल में करीब दस गौ सेवक शामिल थे और उन्हें लगभग 240 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करनी थी।
घटना के बाद स्थानीय गौ सेवकों और सामाजिक संगठनों में भी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कनखल थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।



