पौड़ी में जंगलों में आग लगाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, वन विभाग ने भेजा जेल

पौड़ी गढ़वाल: जनपद में जंगलों में लगातार बढ़ रही आग की घटनाओं के बीच वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। वन विभाग सिविल एवं सोयम की टीम ने कल्जीखाल क्षेत्र में जंगल में आग लगाते हुए दो लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
डीएफओ सिविल एवं सोयम पवन नेगी ने बताया कि जिले के कई इलाकों में इन दिनों जंगलों में आग लगने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। आग पर काबू पाने के लिए वन विभाग की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में अभियान चला रही हैं और जंगलों की निगरानी भी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि कल्जीखाल क्षेत्र में गश्त के दौरान विभागीय टीम ने दो लोगों को जंगल में आग लगाते हुए पकड़ लिया। पूछताछ के बाद दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार सिंह पुत्र जगत सिंह (38 वर्ष) निवासी ग्राम फल्दा, पट्टी पटवालस्यूं और महेंद्र सिंह पुत्र गोविंद सिंह (56 वर्ष) निवासी ग्राम फल्दा, पट्टी पटवालस्यूं, पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है।
डीएफओ ने कहा कि जंगलों में आग लगने से बहुमूल्य वन संपदा को भारी नुकसान हो रहा है। इसके साथ ही वन्य जीवों का प्राकृतिक आवास भी प्रभावित हो रहा है। कई बार आग के कारण जंगली जानवर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आने लगते हैं, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा बढ़ जाता है।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि जंगलों में आग लगने की घटनाओं को रोकने में वन विभाग का सहयोग करें। यदि कहीं आग लगती दिखाई दे या कोई व्यक्ति जंगल में आग लगाता नजर आए तो इसकी सूचना तुरंत वन विभाग या प्रशासन को दें।
गौरतलब है कि पौड़ी जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में रोजाना जंगलों में आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। जंगलों से उठने वाला धुआं पर्यावरण को प्रदूषित करने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर डाल रहा है। धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और अन्य स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।



