बकरीद से पहले सीएम धामी का बड़ा संदेश, तय स्थानों पर ही पढ़ी जाए नमाज

हल्द्वानी : हल्द्वानी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बकरीद से पहले नमाज को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नमाज पढ़ने की मनाही नहीं है, लेकिन नमाज केवल निर्धारित और चिन्हित स्थानों पर ही पढ़ी जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि खुले में नमाज पढ़ने से किसी भी व्यक्ति को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में इस समय चारधाम यात्रा चल रही है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु राज्य पहुंच रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार विशेष सतर्कता बरत रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में सभी धर्मों और संप्रदायों के लोग भाईचारे के साथ रहते हैं, इसलिए सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
चारधाम यात्रा को लेकर सरकार अलर्ट
सीएम धामी ने कहा कि इस बार चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि एक महीने के भीतर ही लगभग 20.50 लाख श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं। केदारनाथ और यमुनोत्री धाम में क्षमता से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने से व्यवस्थाओं पर दबाव बढ़ा है। वहीं हेमकुंड साहिब में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सरकार ने पूरी मशीनरी मैदान में उतार दी है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे पंजीकरण के अनुसार ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं ताकि अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था से बचा जा सके।
सड़कों और बिजली व्यवस्था को लेकर भी दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें ही आम जनता और यात्रियों को सुगम आवागमन की सुविधा दे सकती हैं।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने बिजली विभाग को भी निर्देश दिए कि रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में बिजली कटौती की शिकायतें लगातार सामने आती हैं, इसलिए विभाग युद्ध स्तर पर कार्य कर लोगों को राहत पहुंचाए।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री रामसिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, डीएम ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद



