उत्तराखंड

उत्तराखंड में हीट अलर्ट: 40°C तक पहुंच सकता है पारा, जिलों को एडवाइजरी जारी

उत्तराखंड मौसम : भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तराखंड के कुछ जिलों में आगामी दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। इसके मद्देनजर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को एडवाइजरी जारी कर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

जिलों को क्या निर्देश दिए गए?

दोपहर 12 से 4 बजे के बीच अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की अपील

हीट स्ट्रोक व डिहाइड्रेशन से निपटने के लिए अस्पतालों में विशेष इंतजाम

पेयजल आपूर्ति और बिजली व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश

स्कूलों, निर्माण स्थलों और बाहरी कार्यस्थलों पर एहतियाती उपाय

बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों के लिए विशेष सावधानी

स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयों, ओआरएस और आपात बेड की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

देहरादून में 39°C के करीब पारा, बाजारों में दोपहर को सन्नाटा

राजधानी देहरादून में सोमवार को अधिकतम तापमान 38.9°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 22.6°C रहा। सुबह से चिलचिलाती धूप और दोपहर में लू जैसे हालात के कारण बाजारों में ग्राहकों की संख्या घटी दिखाई दी।

पर्वतीय क्षेत्रों में भी गर्मी का असर साफ दिखा। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 27.6°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 19 मई को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि 20 से 24 मई के बीच पहाड़ी जिलों के कुछ हिस्सों में मौसम बदल सकता है, लेकिन मैदानी इलाकों में राहत की संभावना कम है।

गर्मी से राहत: अधिवक्ता बिना कोट के कर सकेंगे पैरवी

भीषण गर्मी के बीच अधिवक्ताओं को राहत देते हुए जिला न्यायालय ने 19 मई से काला कोट पहनने में अस्थायी छूट दे दी है।

Bar Association Dehradun के पदाधिकारियों ने जिला जज से मुलाकात कर यह मांग रखी थी। अध्यक्ष अनिल कुकरेती ने बताया कि अत्यधिक गर्मी और उमस के कारण लंबे समय तक काला कोट पहनकर कार्य करना स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा था।

आदेश के अनुसार, अधिवक्ता अन्य निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करते हुए बिना कोट के अदालत में उपस्थित हो सकेंगे। अधिवक्ताओं ने इसे व्यावहारिक और मानवीय निर्णय बताया है।

प्रशासन की अपील

राज्य सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि पर्याप्त पानी पिएं, हल्के कपड़े पहनें, धूप में टोपी या छाता इस्तेमाल करें और हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button