
देहरादून | मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को समाज कल्याण विभाग के पेंशनर्स को वन क्लिक के माध्यम से अप्रैल माह की पेंशन जारी की। सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शत-प्रतिशत राज्य पोषित योजनाओं के 7,56,682 पेंशनर्स को कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि सीधे उनके खातों में हस्तांतरित की गई।
जारी की गई पेंशन में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है और आर्थिक व सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग के सशक्तिकरण पर विशेष जोर दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति को पेंशन का लाभ दिलाने के लिए निरंतर कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप हर वर्ष 60 हजार से अधिक नए लाभार्थी समाज कल्याण पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगे भी बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन जारी रखा जाए। साथ ही प्रत्येक वर्ष 59 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले व्यक्तियों का सर्वे कर उनकी पात्रता से संबंधित औपचारिकताएं पहले ही पूरी कर ली जाएं, ताकि 60 वर्ष की आयु पूरी होते ही उन्हें योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए वार्षिक आय सीमा को व्यावहारिक बनाया जाए। साथ ही पेंशन योजनाओं समेत विभाग की अन्य योजनाओं की समस्त जानकारी एक स्थान पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।



