उत्तराखंडदेहरादून

गुच्चूपानी में बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन,अचानक जलस्तर बढ़ने से फंसे 7 पर्यटक, SDRF ने सुरक्षित निकाला बाहर

देहरादून | देहरादून स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लुटेरे की गुफा (गुच्छुपानी)) में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से 7 पर्यटक बीच धारा में फंस गए।

सूचना मिलते ही उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4:18 बजे आपदा कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि गुच्चूपानी में कुछ लोग फंसे हुए हैं। शुरुआत में 3 लोगों के फंसे होने की सूचना थी, लेकिन मौके पर पहुंचने पर कुल 7 पर्यटक नदी के तेज बहाव के बीच टापू जैसी स्थिति में फंसे पाए गए।

एसडीआरएफ पोस्ट सहस्त्रधारा से अपर उपनिरीक्षक मनोज जोशी के नेतृत्व में टीम तुरंत मौके पर पहुंची। तेज बहाव और बढ़ते जलस्तर के कारण स्थिति चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन टीम ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए सभी को एक-एक कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

रेस्क्यू किए गए पर्यटकों में रोहित (27, डोईवाला), मनीष (41, ऋषिकेश), सागर थापा (22, डोईवाला), अंकित (40, काली चौक), नवजोत (31, प्रेमनगर), सौरभ सिंह (27, देहरादून) और मनीष (32, डोईवाला) शामिल हैं।

प्रशासन ने बताया कि गुच्चूपानी और सहस्त्रधारा क्षेत्र में अचानक जलस्तर बढ़ने की घटनाएं आम हैं, ऐसे में पर्यटकों को अत्यधिक सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button