अपराधउत्तराखंड

केदारनाथ धाम में सरकारी संपत्ति को नुकसान, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। जन-सुविधाओं में तोड़फोड़ की घटना के बाद कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुलभ इंटरनेशनल के सुपरवाइजर मिंटू पाठक द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर कार्रवाई की गई। तहरीर में बताया गया कि सेक्टर केदारनाथ, हेलीपैड और घोड़ा पड़ाव क्षेत्र में स्थापित सार्वजनिक शौचालयों में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तोड़फोड़ की गई है।

बताया गया कि केदारनाथ धाम स्थित हाट बाजार, पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पीछे, पंजाब सिंध भवन के पास तथा बेस कैंप क्षेत्र में पांच दरवाजों को क्षतिग्रस्त किया गया है। इसके अलावा विभिन्न सेक्टरों में लगे नल और सिस्टन भी तोड़े गए हैं, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा तीन के तहत अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा प्रकरण की विवेचना की जा रही है।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि केदारनाथ यात्रा की गरिमा और जन-सुविधाओं को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यात्रा के दौरान बनाए गए व्यवस्थाओं में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button