
देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जमकर सराहना करते हुए कहा है कि 2027 का विधानसभा चुनाव सीएम धामी के चेहरे पर ही लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने उत्तराखंड में गुड गवर्नेंस और विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं, जिससे जनता का विश्वास लगातार बढ़ा है।
एक प्रमुख हिंदी न्यूज चैनल से बातचीत के दौरान नितिन नवीन ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए पारदर्शी शासन व्यवस्था लागू की है। उनके नेतृत्व में सुदूर गांवों तक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है और लोगों के जीवन स्तर में सुधार देखने को मिला है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि हर राज्य की अपनी चुनौतियां होती हैं, लेकिन राज्य में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के चलते विकास कार्यों में तेजी आई है।
उन्होंने बताया कि राज्य में प्रति व्यक्ति आय में भी वृद्धि हुई है और सरकार की नीतियों का सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है।
शीर्ष नेतृत्व भी कर चुका है सराहना
गौरतलब है कि इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली और नीतियों की सराहना कर चुके हैं।
14 अप्रैल को देहरादून दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी धामी सरकार के कार्यों की प्रशंसा की थी। वहीं हल्द्वानी में आयोजित एक कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री को “धुरंधर” की उपाधि दी थी।
इसके अलावा मार्च में हरिद्वार दौरे के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने भी धामी सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए उत्तराखंड में भाजपा की हैट्रिक लगने की बात कही थी।



