
देहरादून। राजधानी के डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह के दौरान शनिवार को हंगामा हो गया। कार्यक्रम में डांस के दौरान छात्रों के बीच विवाद बढ़ने पर झड़प हो गई, जिसमें एक छात्र को चाकू लगने से घायल हो गया।
मुख्यमंत्री ने किया था कार्यक्रम का शुभारंभ
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा उन्हें अपने कॉलेज के दिन याद दिलाती है। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वे केवल छात्र ही नहीं, बल्कि देश का वर्तमान और भविष्य भी हैं।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद समारोह जारी रहा।
डांस के दौरान बढ़ा विवाद
कार्यक्रम में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा ने लाइव प्रस्तुति दी। इसी दौरान डांस कर रहे छात्रों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई।
हाथापाई के दौरान एक छात्र गौरव को चाकू लग गया। उसे तुरंत कॉलेज की डिस्पेंसरी में ले जाकर प्राथमिक उपचार दिया गया।
घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



