उत्तराखंडदेहरादून

शहर में ईंधन आपूर्ति पर सवाल: कुछ पेट्रोल पंपों पर बिक्री सीमित, कहीं स्टॉक खत्म

हल्द्वानी : शहर में प्रशासन भले ही पेट्रोल और डीजल की कमी न होने का दावा कर रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और नजर आ रही है। शुक्रवार को कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन की बिक्री सीमित कर दी गई, जबकि कुछ पंपों पर सप्लाई न मिलने के कारण बिक्री पूरी तरह ठप रही।

ट्रांसपोर्ट नगर स्थित भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप पर उपभोक्ताओं को केवल 300 रुपये तक का ही पेट्रोल दिया गया। अचानक लगी इस लिमिट से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

वहीं, हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपी) कंपनी के सतवाल पेट्रोल पंप पर शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की बिक्री नहीं हो सकी। पंप कर्मचारियों के अनुसार कंपनी से ईंधन की आपूर्ति नहीं होने के कारण पंप बंद रखना पड़ा। इस दौरान पंप परिसर में मरम्मत कार्य भी कराया गया।

देवलचौड़ चौराहे के पास स्थित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर लगातार दूसरे दिन सामान्य पेट्रोल खत्म हो गया। यहां उपभोक्ताओं को केवल प्रीमियम पेट्रोल ही उपलब्ध कराया गया।

एडवांस पेमेंट पर मिल रहा ईंधन

पर्वतीय पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र चड्ढा ने बताया कि मांग के मुकाबले 20 से 25 प्रतिशत तक कम पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति हो रही है। उन्होंने कहा कि अब कंपनियां डीलरों से एडवांस पेमेंट पर ही ईंधन दे रही हैं, जबकि पहले डिलीवरी के समय या किश्तों में भुगतान की सुविधा मिलती थी।

ईंधन की सीमित आपूर्ति और एडवांस भुगतान की व्यवस्था से बाजार में चिंता का माहौल है। हालांकि प्रशासन की ओर से स्थिति सामान्य बताए जाने के बीच उपभोक्ताओं को राहत कब मिलेगी, यह देखने वाली बात होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button