उत्तराखंड

नैनीताल में पेयजल संकट, फिल्टर प्लांट बंद रहने से 2 लाख लोग होंगे प्रभावित

नैनीताल: नैनीताल में आज करीब दो लाख लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ेगा। काठगोदाम के कॉलटैक्स क्षेत्र में गेट चैंबर की टूटी जालियों की मरम्मत के कारण शीशमहल स्थित फिल्टर प्लांट दिनभर बंद रहेगा, जिससे जलापूर्ति पूरी तरह प्रभावित होगी।

जानकारी के अनुसार, गौला बैराज से नहर के माध्यम से पानी शीशमहल फिल्टर प्लांट तक पहुंचाया जाता है। यहां पानी को शुद्ध कर जल संस्थान द्वारा शहर के घरों और प्रतिष्ठानों तक सप्लाई की जाती है। लेकिन कॉलटैक्स के पास नहर में लगी जालियां टूटने से प्लांट में गंदगी और कचरा पहुंच रहा था, जिससे संचालन में दिक्कत आ रही थी।

इस समस्या के समाधान के लिए जल संस्थान गुरुवार सुबह से जालियों की मरम्मत करेगा। विभाग के अनुसार मरम्मत कार्य में करीब 8 घंटे का समय लगेगा। सुबह 9 बजे से शाम तक प्लांट बंद रहने के कारण सप्लाई पूरी तरह ठप रहेगी। हालांकि, प्रभावित इलाकों में मांग के अनुसार पानी के टैंकर भेजने की व्यवस्था की गई है।

बिजली-पानी बहाल होने से मिली राहत

वहीं, रविवार रात आए भीषण आंधी-तूफान के बाद पिछले दो दिनों से बिजली और पानी की समस्या झेल रहे शहरवासियों को बुधवार को राहत मिली। पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों और पोलों की मरम्मत के बाद मंगलवार देर शाम विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी गई।

जल संस्थान के अधिकारियों के अनुसार, बिजली बाधित रहने के दौरान जेनरेटर से पानी की सप्लाई की कोशिश की गई, लेकिन ऊंचाई वाले टैंकों तक पानी नहीं पहुंच सका। अब अधिकांश क्षेत्रों में आपूर्ति सामान्य हो गई है, हालांकि कुछ जगहों पर कम दबाव की समस्या बनी हुई है, जिसे जल्द ठीक किया जाएगा।

अधिशासी अभियंता रविशंकर लोशाली ने बताया कि सुबह 8:30 बजे तक पानी की सप्लाई दी जाएगी, इसके बाद प्लांट बंद होने के कारण जलापूर्ति बाधित रहेगी। उपभोक्ताओं से पहले से पानी स्टोर करने की अपील की गई है।

इन क्षेत्रों में रहेगा ज्यादा असर:

दमुवाढूंगा, बिठौरिया, कुसुमखेड़ा, चौफुला, बमौरी, ऊंचापुल, बाजार क्षेत्र के साथ ही बरेली और रामपुर रोड से जुड़े इलाकों में जल संकट अधिक रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button