
कलियर: कलियर थाना पुलिस ने सत्यापन अभियान के दौरान एक होटल में संचालित जनसेवा केंद्र पर छापा मारकर फर्जी प्रमाण पत्र बनाने के बड़े गोरखधंधे का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फर्जी पहचान पत्र के सहारे पुलिस पर डाल रहा था रौब
पुलिस के अनुसार, स्थानीय अभिसूचना इकाई की टीम के साथ सत्यापन के दौरान एक होटल के कमरे में “शाहिदा मानवाधिकार जनसेवा केंद्र” के नाम से केंद्र संचालित होता पाया गया। पूछताछ में संचालक ने अपना नाम शहनवाज निवासी साहिबगंज, मुजफ्फरपुर (बिहार) बताया।
आरोपी ने खुद को मानवाधिकार आयोग का अध्यक्ष बताते हुए पुलिस पर रौब डालने की कोशिश की और एक पहचान पत्र भी दिखाया। जांच में वह पहचान पत्र फर्जी पाया गया।
एक हजार से अधिक फर्जी प्रमाण पत्र बेचने का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पैन कार्ड बनाकर लोगों को बेच रहा था। अधिकतर प्रमाण पत्र नगर निगम रुद्रपुर के लेटर पैड पर जारी दिखाए गए थे।
बरामद जन्म प्रमाण पत्रों पर एक ही सीरियल नंबर अंकित था और उन पर उत्तराखंड शासन का लोगो भी लगाया गया था। पुलिस का अनुमान है कि आरोपी अब तक एक हजार से अधिक फर्जी प्रमाण पत्र तैयार कर चुका है।
मुकदमा दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।



