उत्तराखंडदेहरादूनपर्यटनराज्य

प्रदेश के 11 प्रमुख स्थानों पर जल्द शुरू होंगी नई पार्किंग सुविधाएं, 1082 वाहनों को मिलेगी जगह

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आवास विभाग प्रदेश के बड़े शहरों, तीर्थ स्थलों और पर्यटन केंद्रों में यातायात जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पार्किंग सुविधाओं का तेजी से विस्तार कर रहा है। इसी क्रम में राज्य के 11 प्रमुख स्थानों पर जल्द नई पार्किंग सुविधाएं शुरू की जाएंगी, जहां कुल 1082 वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था होगी।

मुख्यमंत्री द्वारा कार्यभार संभालने के बाद आवास विभाग को विकास प्राधिकरणों के माध्यम से युद्धस्तर पर पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद विभाग को 195 स्थानों के लिए प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें सरफेस पार्किंग, मल्टी-लेवल पार्किंग और टनल पार्किंग जैसी योजनाएं शामिल हैं।

114 डीपीआर को मिल चुकी मंजूरी

आवास विभाग अब तक 114 स्थानों की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) को मंजूरी दे चुका है और इनके लिए बजट भी जारी किया जा चुका है। पहले चरण में 54 स्थानों पर 3244 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग सुविधाएं विकसित कर संचालन शुरू किया जा चुका है।

दूसरे चरण का कार्य 80% पूरा

दूसरे चरण में 11 स्थानों पर करीब 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। विभाग का लक्ष्य चालू वित्तीय वर्ष में इन परियोजनाओं को पूर्ण करना है। इसके अतिरिक्त विकास प्राधिकरण अपने संसाधनों से 11 अन्य स्थानों पर पार्किंग निर्माण कर रहे हैं, जहां 359 वाहनों के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी।

सचिव आवास के निर्देश

सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने सभी विकास प्राधिकरणों को परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी यात्रा सीजन से पहले सभी चिन्हित स्थलों पर पार्किंग सुविधाएं शुरू कर दी जाएं। साथ ही शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उत्तराखंड में हर वर्ष करोड़ों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। बेहतर सड़क नेटवर्क के चलते निजी वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम की समस्या भी बढ़ी है। बीते चार वर्षों में हजारों वाहनों के लिए पार्किंग सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिससे यातायात व्यवस्था को काफी हद तक सुधारने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button