
देहरादून। देहरादून में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही बीसीए की एक छात्रा की प्री-मेच्योर डिलीवरी के कुछ दिन बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका ऊधमसिंहनगर जिले के खटीमा की रहने वाली थी और अपने ही क्षेत्र के एक युवक के साथ देहरादून में रह रही थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसका प्रेमी उसे अस्पताल लेकर पहुंचा। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद छात्रा को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने सोमवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया।
देहरादून की यूनिवर्सिटी में कर रही थी पढ़ाई
इंस्पेक्टर पटेलनगर सीबीएस अधिकारी ने बताया कि खटीमा निवासी युवती सुभाषनगर स्थित एक यूनिवर्सिटी से बीसीए तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। वह अपने प्रेमी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। प्रेमी मनीष ने भी उसी यूनिवर्सिटी से बीएससी न्यूट्रीशन साइंस की पढ़ाई की है।
आठ महीने में हुई थी सिजेरियन डिलीवरी
पुलिस के अनुसार युवती गर्भवती थी और कुछ दिन पहले उसकी आठ महीने में सिजेरियन प्री-मेच्योर डिलीवरी हुई थी। नवजात शिशु को एनआईसीयू में रखा गया है। डिलीवरी के बाद युवती प्रेमी के साथ ही रह रही थी।
यूसीसी पोर्टल पर नहीं कराया था पंजीकरण
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक और युवती ने यूसीसी पोर्टल पर लिव-इन रिलेशनशिप का पंजीकरण नहीं कराया था। साथ ही दोनों ने अपने परिजनों को भी एक-दूसरे के साथ रहने की जानकारी नहीं दी थी। छात्रा के अस्पताल में भर्ती होने के बाद ही उसके परिजनों को पूरे मामले की जानकारी मिली।
परिजन पहुंचे देहरादून
बेटी की मौत की सूचना मिलने पर खटीमा से उसके परिजन देहरादून पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को स्पष्ट किया जाएगा और मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।



