उत्तराखंडराजनीतिशिक्षा

उत्तराखंड में प्राथमिक शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष करने की मांग तेज,संघ ने भेजा ज्ञापन

देहरादून। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ ने प्रदेश के प्राथमिक शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में आल इंडिया प्राइमरी टीचर्स फेडरेशन के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजकर शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान का अनुरोध किया गया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड पहले एक ही राज्य थे और बेसिक शिक्षा में कई शिक्षकों की नियुक्ति भी एक साथ हुई थी। वर्तमान में उत्तर प्रदेश में शिक्षकों की सेवा अवधि 62 वर्ष निर्धारित है, जबकि उत्तराखंड के शिक्षक अब भी इस सुविधा से वंचित हैं, जो असमानता को दर्शाता है।

फेडरेशन की ओर से बताया गया कि उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की तदर्थ समिति के सदस्य जितेंद्र सिंह वल्दिया ने पत्र के माध्यम से शिक्षकों की प्रमुख मांगों और समस्याओं को सरकार के संज्ञान में लाया है। संघ का कहना है कि सेवा अवधि बढ़ाए जाने से न केवल शिक्षकों के अनुभव का लाभ शिक्षा व्यवस्था को मिलेगा, बल्कि इससे शिक्षकों का मनोबल भी मजबूत होगा।

ज्ञापन में मुख्यमंत्री से अपील की गई है कि शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष किए जाने के साथ-साथ अन्य लंबित मांगों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं।
संघ ने उम्मीद जताई है कि राज्य सरकार शिक्षकों के हित में सकारात्मक और शीघ्र निर्णय लेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button