
देहरादून। उत्तराखंड में इन दिनों मौसम की आंखमिचौली देखने को मिल रही है। पहाड़ी इलाकों में भी गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है, लेकिन भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश में जल्द ही मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जैसे ऊंचाई वाले जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों में 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। वहीं प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में फिलहाल मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बहुत हल्की बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।
इसके अलावा 11 से 13 मार्च के बीच उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ इलाकों में भी गरज-चमक के साथ बहुत हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है। इन जिलों में 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना बनी हुई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम के खराब रहने की स्थिति 15 मार्च तक बनी रह सकती है। हालांकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने के साथ तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है।



