
चमोली। बुधवार सुबह उत्तराखंड के चमोली में बड़ा हादसा हो गया। चमोली बाजार के पास अलकनंदा नदी के किनारे नमामि गंगे प्रोजेक्ट की साइट पर अचानक करंट फैल गया। हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई है। कई लोग बुरी तरह झुलसे हैं। मृतकों में पीपलकोटी चौकी प्रभारी प्रदीप रावत और होमगार्ड मुकंदीलाल भी शामिल हैं। चमोली आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि अब तक 16 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं 11 लोग झुलसे हैं। जिसमें से छह लोगों को एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। वहीं, पांच लोग जिला अस्पताल में भर्ती हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने करंट से लोगों की मौत के मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों को घटना की विस्तृत और गहन जांच के भी निर्देश दिए। उन्होंने डीएम चमोली से घटना की जानकारी ली। हादसे की जांच एडीएम प्रशासन अभिषेक त्रिपाठी को सौंपी गई है। सीएम धामी ने कहा कि घायलों को देहरादून लाया गया है। उनके इलाज में कोई कमी नहीं होगी। उनके लिए हेलिकॉप्टर भेजा गया है। गंभीर रूप से घायल जल संस्थान के जेई संदीप मेहरा और सुशील कुमार को हेलिकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। वहीं, सीएम धामी चमोली के लिए रवाना हो गए थे। लेकिन मौसम खराब होने के कारण उनका हेलीकॉप्टर टिहरी से वापस लौट गया। अब सीएम एम्स में झुलसे हुए लोगों को देखने जा रहे हैं।
पांच-पांच लाख रुपये मुआवजे की घोषणा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली घटना में मृतकों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपए और झुलसे लोगों को एक-एक लाख रुपए की राहत राशि देने के निर्देश दिए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने फोन कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से चमोली घटना के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
चमोली में घटना स्थल पर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत
चमोली जनपद में हुई दुःखद घटना की सूचना मिलते ही जनपद के प्रभारी मंत्री डा. धन सिंह रावत तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे। जहां उन्होंने दुर्घटना में घायल हुये लोगों को उपचार के लिए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये। इसके साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन को घटना की मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिये। स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने चमोली जनपद में घटी दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुये ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं उनके परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की, साथ ही उन्होंने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रर्थाना की।