अपराधउत्तराखंडदेहरादून

ऑपरेशन क्रैकडाउन: दून पुलिस का बड़ा सत्यापन अभियान, 49 संदिग्ध हिरासत में

देहरादून। अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ के तहत दून पुलिस ने गुरुवार को कोतवाली नगर क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 49 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस दो बसों में भरकर इन लोगों को पूछताछ के लिए थाने लेकर आई।

एसएसपी के निर्देश पर चला अभियान

यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर चलाया गया। पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने लक्ष्मण चौक चौकी क्षेत्र के गांधी ग्राम, न्यू पार्क रोड, गुरुद्वारा रोड और मालवीय नगर में सघन सत्यापन अभियान चलाया।

अभियान के दौरान क्षेत्र में रह रहे बाहरी जनपदों और अन्य राज्यों के लोगों की पहचान और दस्तावेजों की गहन जांच की गई।

469 लोगों का सत्यापन, 49 हिरासत में

पुलिस टीम ने अभियान के दौरान कुल 469 व्यक्तियों का सत्यापन किया। जांच के दौरान कई ऐसे लोग मिले जो अपनी पहचान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

ऐसे 49 संदिग्ध व्यक्तियों को बीएनएसएस की धारा 172 के तहत हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने लाया गया।

92 मकान मालिकों पर 9.20 लाख का जुर्माना

अभियान के दौरान किरायेदारों का सत्यापन न कराने वाले 92 मकान मालिकों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 9 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले 49 व्यक्तियों का चालान करते हुए पुलिस एक्ट के तहत 12,250 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।

अभियान आगे भी जारी रहेगा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इस तरह के सत्यापन अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

पुलिस ने मकान मालिकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को सहयोग मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button