
हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खूपी के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सात से आठ यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस हल्द्वानी से पहाड़ की ओर जा रही थी। खूपी के पास बस चालक ने एक टैक्सी को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

यात्रियों में मची चीख-पुकार
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर आसपास के ग्रामीण पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।ज्योलीकोट चौकी इंचार्ज श्याम बोरा ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में ओवरटेक के दौरान संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।



