उत्तराखंड

चारधाम रूट पर नया ट्रैफिक प्लान लागू, दिन में तीर्थयात्री, रात में चलेंगे भारी वाहन

चारधाम यात्रा अपडेट : उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए बड़ा निर्णय लिया है। इस बार चारधाम मार्ग पर दिन के समय केवल तीर्थयात्रियों के वाहन चलेंगे, जबकि मालवाहक और भारी वाहन रात नौ बजे के बाद ही संचालित किए जा सकेंगे।

रोशनाबाद स्थित एआरटीओ कार्यालय में ग्रीन कार्ड प्रणाली के शुभारंभ अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रा अवधि के दौरान सुबह से रात 9 बजे तक श्रद्धालुओं के वाहन निर्बाध रूप से चलेंगे, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके। रात 9 बजे के बाद ही मालवाहक वाहनों को चारधाम रूट पर अनुमति दी जाएगी।

मंत्री ने यह भी बताया कि सरकार चारधाम यात्रा के लिए समय निर्धारण की व्यवस्था भी लागू करने जा रही है। इस दौरान एनआईसी उत्तराखंड के वरिष्ठ निदेशक हिमांशु कुमार और संयुक्त निदेशक रमन पुंडीर के सहयोग की सराहना की गई।

ग्रीन कार्ड प्रणाली का शुभारंभ

हरिद्वार से पहले दिन 11 व्यावसायिक यात्री वाहनों को ग्रीन कार्ड जारी किए गए। ग्रीन कार्ड उन्हीं वाहनों को मिलेगा जो तकनीकी जांच और दस्तावेज सत्यापन में फिट पाए जाएंगे। यात्री वाहनों को समय पर ग्रीन कार्ड उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्थानों पर अतिरिक्त काउंटर भी स्थापित किए जाएंगे।

ऋषिकेश में पहले दिन 40 ग्रीन कार्ड

ऋषिकेश में सोमवार से व्यावसायिक वाहनों के ग्रीन कार्ड बनने शुरू हो गए। पहले दिन 40 बस, टैक्सी और मैक्सी वाहनों को फिटनेस जांच के बाद ग्रीन कार्ड जारी किए गए। एआरटीओ कार्यालय में हवन-यज्ञ के बाद अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह ने रिबन काटकर प्रक्रिया का शुभारंभ किया।

पिछले वर्ष पहले दिन केवल 13 ग्रीन कार्ड जारी हुए थे, जबकि इस बार संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

परिवहन विभाग के अनुसार, चारधाम यात्रा के लिए व्यावसायिक वाहनों का ग्रीन कार्ड अनिवार्य है और बिना ग्रीन कार्ड किसी भी वाहन को यात्रा मार्ग पर संचालन की अनुमति नहीं होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button