उत्तराखंडमौसम

भारत मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान, फिर बदलेगा उत्तराखंड में मौसम, बर्फबारी के आसार

देहरादून : भारतीय मौसम विभाग ने उत्तराखंड के लिए अगले सात दिनों का विस्तृत मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार 5 अप्रैल तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलता रहेगा। पहाड़ी जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार

पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों — उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ — में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

इन जिलों में 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है। 31 मार्च और 3 अप्रैल को मौसम के अधिक सक्रिय रहने का अनुमान है।

1 और 2 अप्रैल को मिल सकती है राहत

मौसम विभाग के अनुसार 1 और 2 अप्रैल को अधिकतर जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है।

मैदानी इलाकों में बहुत हल्की बारिश या गरज-चमक के आसार हैं, जबकि कई स्थानों पर मौसम साफ बना रहेगा।

31 मार्च के लिए विशेष चेतावनी

मौसम विभाग ने 31 मार्च के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। इस दिन कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

खराब मौसम के चलते कच्चे मकानों को नुकसान, फसलों पर असर और खुले में खड़े वाहनों को क्षति पहुंच सकती है। बिजली गिरने की घटनाएं जान-माल के लिए खतरा बन सकती हैं।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों के अंदर रहने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने और बिजली उपकरणों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। पशुओं को भी खुले में न बांधने की सलाह दी गई है।

मैदानी इलाकों में बढ़ रहा तापमान

तापमान की बात करें तो अगले 2–3 दिनों तक अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि राजधानी देहरादून समेत मैदानी इलाकों में चटख धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक बना हुआ है, जबकि पहाड़ी इलाकों में यह सामान्य के आसपास रह सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button