उत्तराखंड

रैपिडो चालक निकला शातिर चोर, आठ लाख की ज्वेलरी और सामान बरामद

देहरादून: प्रेमनगर थाना पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए रैपिडो ऑटो चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक महिला का सूटकेस और उसमें रखी कीमती ज्वेलरी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब आठ लाख रुपये कीमत का चोरी किया गया सामान और वारदात में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर 2026 को आस्तिका यादव निवासी आनंद पुंडीर कैफे एंड रेस्टोरेंट, डूंगा, थाना प्रेमनगर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि रैपिडो ऑटो चालक उनका सूटकेस और अन्य सामान चोरी कर ले गया है। सूटकेस में कीमती ज्वेलरी भी रखी हुई थी। शिकायत के आधार पर प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने पुलिस टीम को जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही रैपिडो कंपनी से ऑटो चालक की जानकारी जुटाई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद 14 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर झाझरा बैरियर चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी की पहचान कमलेश कुमार (29) पुत्र चिम्मन लाल निवासी ग्राम नारायणपुर, थाना बरखेड़ा, तहसील बीसलपुर, जिला पीलीभीत (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी जमनपुर, थाना सेलाकुई, देहरादून के रूप में हुई है।

नशे की लत पूरी करने के लिए की चोरी

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी की ज्वेलरी और अन्य सामान बेचने के लिए वह देहरादून से बाहर भागने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिला का चोरी किया गया सूटकेस, ज्वेलरी और अन्य सामान बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त ऑटो भी बरामद किया गया है। ऑटो का नंबर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार UK07TE-1394 है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button