रुद्रप्रयाग के बरसू पुनाड़ गांव में शराबबंदी का फैसला, हुड़दंग करने वालों के सामाजिक बहिष्कार की चेतावनी

रुद्रप्रयाग: जनपद की ग्राम पंचायत बरसू पुनाड़ में शराब के बढ़ते प्रचलन पर रोक लगाने के लिए ग्रामीणों ने सख्त रुख अपनाया है। ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले सभी तोकों में शराबबंदी का फैसला लिया गया है। ग्राम प्रधान नरेंद्र बिष्ट उर्फ अमित ने खुली बैठक में स्पष्ट चेतावनी दी कि शराब पीकर गांव का माहौल खराब करने और हुड़दंग मचाने वालों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बीते शनिवार 14 नवंबर को ग्राम पंचायत में शराबबंदी को लेकर खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों ने गांव को नशामुक्त बनाने और शराब के दुष्प्रभावों पर रोक लगाने को लेकर चर्चा की। ग्राम प्रधान ने कहा कि शराब पीकर सामाजिक माहौल खराब करने और अशांति फैलाने वालों के खिलाफ ग्रामीण एकजुट होकर आवाज उठाएं। उन्होंने महिलाओं से भी इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
प्रधान ने महिलाओं से शराब पीने वालों के सामाजिक बहिष्कार का आह्वान किया। बैठक में शराब पीने और पिलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के साथ ऐसे मामलों में जुर्माना लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया। प्रधान की चेतावनी और बैठक का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद यह पहल क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
बैठक में गांव का सामाजिक वातावरण बेहतर बनाने के साथ पंचायत की आय बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि गांव में बाहर से आने वाले व्यापारियों और ठेकेदारों से ग्राम पंचायत की ओर से निर्धारित कर (टैक्स) वसूला जाएगा।
बैठक में महिला मंगल दल अध्यक्ष प्रिया देवी, कोषाध्यक्ष मनीषा देवी, उपप्रधान विमला देवी, वार्ड सदस्य पूजा देवी, वंदना देवी, हिमांशु सेमवाल सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।



