उत्तराखंड

अंकिता भंडारी केस: नार्को टेस्ट के लिए राजी हुईं उर्मिला सनावर, गिरफ्तारी पर हरिद्वार SSP ने दी सफाई

हरिद्वार। बहुचर्चित अंकिता भंडारी प्रकरण में अभिनेत्री उर्मिला सनावर नार्को टेस्ट कराने के लिए सहमत हो गई हैं। हालांकि, अदालत में उनकी औपचारिक सहमति अभी दर्ज होनी बाकी है। उन्हें आगामी 3 नवंबर को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस बीच, उनकी गिरफ्तारी को लेकर उठ रहे सवालों पर हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने सफाई दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उर्मिला सनावर को नार्को टेस्ट से बचाने के लिए नहीं, बल्कि रानीपुर कोतवाली में दर्ज मुकदमे के संबंध में गिरफ्तार किया गया है।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार, उर्मिला के खिलाफ दर्ज मुकदमे में गंभीर धाराएं हैं, जिसके चलते गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। न्यायालय ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है। उन्होंने नार्को टेस्ट से बचाने के लिए गिरफ्तारी किए जाने की चर्चाओं को अफवाह बताया।

कोर्ट के आदेश के बाद नार्को टेस्ट की प्रक्रिया

एसएसपी ने बताया कि नार्को टेस्ट कराने के लिए संबंधित व्यक्ति की लिखित सहमति और न्यायालय का आदेश आवश्यक है। कोर्ट से आदेश मिलने के बाद उर्मिला सनावर को महिला पुलिसकर्मियों के साथ नार्को टेस्ट के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले की जांच दूसरी एजेंसी कर रही है और वह स्वतंत्र रूप से अपनी जांच कर रही है।

25 अक्टूबर को सहारनपुर से हुई थी गिरफ्तारी

गौरतलब है कि 25 अक्टूबर को रानीपुर कोतवाली पुलिस ने उर्मिला सनावर को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया था। पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की तहरीर पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उर्मिला सनावर ब्लैकमेल कर रही थीं और रविदास धाम अपने नाम करने के साथ पांच करोड़ रुपये की मांग कर रही थीं। आरोप यह भी है कि मांग पूरी नहीं होने पर जान से मारने और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो अपलोड करने की धमकी दी गई।

उर्मिला की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस ने भी सवाल उठाए थे। अब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गिरफ्तारी का संबंध रानीपुर कोतवाली में दर्ज मुकदमे से है, न कि नार्को टेस्ट की प्रक्रिया से। फिलहाल, अदालत में उनकी सहमति दर्ज होने और न्यायालय के आदेश के बाद ही नार्को टेस्ट को लेकर आगे की प्रक्रिया स्पष्ट होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button