उत्तराखंड

रेखा आर्या मामले में आज फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा सकता है ऑडियो, गिरधारी लाल साहू की तलाश जारी

देहरादून: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) बृहस्पतिवार को विवादित ऑडियो को न्यायालय के माध्यम से फॉरेंसिक लैब भेज सकता है। इसके लिए दस्तावेजी कार्रवाई पूरी कर ली गई है। वहीं, पुलिस मंत्री के पति गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी के लिए साक्ष्य जुटाने में लगी है। साहू के नेपाल भागने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि साहू शादी के बाद से ही उन्हें प्रताड़ित कर रहे थे। इसके अलावा कंपनी से जुड़े दस्तावेजों में कथित धोखाधड़ी करने का भी आरोप है।

शिकायत के मुताबिक, कंपनी के दस्तावेजों में कथित तौर पर जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर रेखा आर्या का नाम निदेशक पद से हटा दिया गया। विरोध करने पर उन्हें जातिसूचक शब्द कहकर प्रताड़ित करने और मारपीट की कोशिश करने के आरोप भी लगाए गए हैं।

10 सदस्यीय एसआईटी कर रही जांच

मामले की जांच के लिए एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में 10 सदस्यीय एसआईटी गठित की गई थी। एसआईटी ने तीन दिन पहले मंत्री रेखा आर्या के बयान दर्ज किए। बताया जा रहा है कि मंत्री ने जांच टीम को कुछ अन्य जानकारियां भी दी हैं। साथ ही कथित जाली दस्तावेजों के संभावित ठिकानों के बारे में भी जानकारी दी है, जिसके आधार पर टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है।

गिरधारी लाल साहू का अब तक पता नहीं

पुलिस के अनुसार, गिरधारी लाल साहू का अभी तक पता नहीं चल सका है। इसी बीच उनके उत्तर प्रदेश के रास्ते नेपाल भागने की खबरें भी सामने आई हैं। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

एसआईटी अब विवादित ऑडियो की फॉरेंसिक जांच कराने और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने की दिशा में काम कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button