भदालीखाल के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिरी बस, 30 यात्री थे सवार

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी जिले में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। दुगड्डा से आगे गुमखाल के बीच भदालीखाल के पास गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन (जीएमओयू) की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में चालक समेत करीब 30 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि बस खाई में एक पेड़ से टकराकर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में एक-दो यात्रियों को हल्की चोटें आने की सूचना है। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी नहीं है।
जानकारी के अनुसार, जीएमओयू की हिमगिरी बस बुधवार दोपहर करीब एक बजे कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी। बस कोटद्वार निवासी चालक अशोक ममगाईं चला रहे थे। बताया जा रहा है कि भदालीखाल के पास अचानक बस का प्रेशर पाइप फट गया, जिससे बस आगे नहीं बढ़ सकी।
सड़क पर पीछे की ओर ढलान होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और बाईं ओर स्थित खाई में जा गिरी। खाई में पेड़ से टकराने के बाद बस रुक गई। इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आने की सूचना है, जबकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क हादसे रोकना चुनौती
उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में सड़क दुर्घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। हादसों पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन और पुलिस विभाग की ओर से प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं। वहीं, निर्माण एजेंसियां सड़कों को दुरुस्त करने का काम कर रही हैं। शिक्षा विभाग भी सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाता है।
इसके बावजूद सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों में अपेक्षित कमी नहीं आ पाई है। पहाड़ी क्षेत्रों में चिह्नित ब्लैक स्पॉट भी दुर्घटनाओं की प्रमुख वजहों में गिने जाते हैं। इन स्थानों पर हादसों को रोकने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।



