उत्तराखंड

कैंची धाम जाने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान, 17 और 18 अक्टूबर को दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक

नैनीताल: वीकेंड पर कैंची धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 17 और 18 अक्टूबर के लिए यातायात और डायवर्जन प्लान जारी किया है। पुलिस के अनुसार, इन दोनों दिनों कैंची धाम क्षेत्र और नैनीताल में बाहरी दोपहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वहीं, भारी वाहनों के आवागमन पर भी निर्धारित समय तक रोक रहेगी।

पुलिस के मुताबिक, दोनों दिन सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जिले की सीमाओं पर रोका जाएगा। केमू बसों, निजी बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक निर्धारित यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।

इन रास्तों से जाएंगे वाहन

अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। रानीखेत से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को क्वारब, ओड़ाखान, रामगढ़, खुटानी बैंड और भीमताल के रास्ते भेजा जाएगा।

वहीं, हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जाने वाले वाहन खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धानाचूली बैंड होते हुए जाएंगे। काठगोदाम से रानीखेत, बेतालघाट, सुयालबाड़ी और खैरना जाने वाले वाहन सैनिटोरियम से रातीघाट मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।

दो स्थानों पर होगी पार्किंग, शटल सेवा से पहुंचेंगे श्रद्धालु

भीमताल के रास्ते कैंची धाम आने वाले पर्यटकों के निजी वाहन विकास भवन पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे। वहीं, गेठिया और नैनीताल की ओर से कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के वाहनों की पार्किंग भवाली सैनिटोरियम में होगी। इन पार्किंग स्थलों से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को शटल सेवा के माध्यम से आगे भेजा जाएगा।

काठगोदाम में रोके जाएंगे बाहरी दोपहिया वाहन

वीकेंड के दौरान बाहरी दोपहिया वाहनों को काठगोदाम में ही रोका जाएगा। हालांकि, स्थानीय लोगों को रियायत दी जाएगी। एसपी ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि कैंची धाम, भवाली और भीमताल में श्रद्धालुओं की संभावित अधिक संख्या को देखते हुए यातायात रूट में बदलाव किया गया है।

भवाली में लगा लंबा जाम

शुक्रवार को पर्यटक वाहनों की बढ़ती आवाजाही के कारण भवाली में लंबा जाम लग गया। सड़कों पर वाहनों की कतारें लगने से यातायात धीमा पड़ गया और स्थानीय लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई।

कैंची धाम स्थित बाबा नीम करौली आश्रम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। वीकेंड और छुट्टियों के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से क्षेत्र में यातायात का दबाव भी बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button