उत्तराखंड

देहरादून में वशीकरण और तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 100 से अधिक लोगों को ठगने का शक

देहरादून। वशीकरण और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ऑपरेशन कालनेमि के तहत चमन विहार स्थित आशियाना होम्स में छापेमारी कर दोनों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अब तक 100 से अधिक लोगों के साथ ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है। आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग नामों के आठ आधार कार्ड, 10 एटीएम कार्ड, तीन बैंक पासबुक, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर कार्ड, भरे हुए चेक, सिम कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर की रात एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पटेलनगर पुलिस को सूचना मिली कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो व्यक्ति चमन विहार में किराये पर रहकर वशीकरण के नाम पर लोगों से ठगी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आशियाना होम्स में छापा मारकर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।

सोशल मीडिया पर विज्ञापन देकर बनाते थे शिकार

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर खुद को वशीकरण विशेषज्ञ, ज्योतिषाचार्य, शास्त्री और तांत्रिक बताकर विज्ञापन प्रसारित करते थे। विज्ञापनों में अपनी पहचान छिपाकर संपर्क के लिए मोबाइल नंबर देते थे। इसके बाद लोगों की पारिवारिक और अन्य समस्याओं को तंत्र विद्या तथा विशेष अनुष्ठानों के माध्यम से दूर करने का झांसा देकर उनसे पैसे ऐंठते थे।

ठगी की रकम के लिए खुलवाए फर्जी बैंक खाते

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए अपने और अन्य व्यक्तियों के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे। जांच में दिलनवाज और मोहम्मद भूरा नाम के व्यक्तियों के नाम पर भी फर्जी आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज बनवाने की जानकारी सामने आई है। इन दस्तावेजों में किराये के मकान का पता दर्ज कर अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाए गए थे। पुलिस को आशंका है कि इन खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम के लेन-देन के लिए किया जाना था।

पुलिस आरोपियों के निजी और फर्जी बैंक खातों में हुए लेन-देन की जानकारी जुटा रही है। साथ ही, ठगी के संभावित पीड़ितों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जांच की जा रही है।

मुजफ्फरनगर और शामली के रहने वाले हैं आरोपी

कोतवाली पटेलनगर प्रभारी नरेश राठौर के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहरुख निवासी ग्राम चित्तौड़, थाना जानसठ, जिला मुजफ्फरनगर और सलमान निवासी शामली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पिछले करीब डेढ़ महीने से पटेलनगर क्षेत्र के चमन विहार में किराये पर रह रहे थे।

दोनों के खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 753/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और ठगी की रकम के साथ अन्य संभावित पीड़ितों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button